पिछोर राघवेन्द्र सिंह रिपोर्ट
शिवपुरी।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 02 अक्टूबर को जिले भर में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने समस्त ब्लॉक अध्यक्षों को पत्र जारी कर कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय गुना बायपास चौराहा से जारी पत्र क्रमांक के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 02 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित किए जाना अनिवार्य है। पत्र में कहा गया है कि 2 अक्टूबर केवल एक तिथि नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा और सादगी के मूल्यों को याद करने का दिन है।
जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अपने-अपने ब्लॉक मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान नेताओं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके पश्चात उनके जीवन, विचारों एवं देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया जाएगा।
पत्र में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया है कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सरपंचों एवं पार्टी पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्री जी के ‘जय जवान-जय किसान’ के नारे की प्रासंगिकता पर विचार गोष्ठी का आयोजन भी ब्लॉक स्तर पर किया जा सकता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम के उपरांत कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट एवं फोटो ग्राफी अनिवार्य रूप से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित करना सुनिश्चित करें। ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर हुए कार्यक्रमों की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉक अध्यक्षगण आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही संगठन स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की 122वीं जयंती है। पूरा देश इसे बड़े सम्मान के साथ मनाता है। कांग्रेस पार्टी के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है क्योंकि दोनों ही नेता कांग्रेस की विचारधारा के प्रेरणा स्रोत रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी द्वारा इस बार जयंती को बूथ स्तर तक मनाने की योजना बनाई गई है।
जिला कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय शिवपुरी पर मुख्य कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर आयोजित होगा, जिसमें जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल सहित वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक, जिला पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं सभी 8 ब्लॉक – शिवपुरी, पोहरी, कोलारस, बदरवास, करैरा, नरवर, पिछोर और खनियाधाना में भी एक साथ कार्यक्रम होंगे।
कांग्रेसजनों में इस निर्देश के बाद तैयारियां तेज हो गई हैं।