प्रेस नोट
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला बैतूल
बैतूल।
जिले में हत्या एवं अन्य जघन्य अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी भैंसदेही श्री लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में थाना झल्लार पुलिस ने ग्राम खोदरी में हुई हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण
दिनांक 30.09.2026 को फरियादिया द्वारा थाना झल्लार में सूचना दी गई कि उसका 25 वर्षीय पुत्र शेखर पाल ग्राम खोदरी निवासी सुनील टांडिलकर भगत से मिलने एवं सिरदर्द का इलाज कराने की बात कहकर सुबह करीब 09 बजे मोटरसाइकिल से घर से निकला था। शाम तक वापस नहीं आने एवं उसका मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों द्वारा तलाश की जा रही थी।
करीब 08 बजे सूचना प्राप्त हुई कि शेखर पाल की ग्राम खोदरी में सुनील टांडिलकर भगत के घर हत्या हो गई है। फरियादिया द्वारा सुनील टांडिलकर एवं उसके भाई गजानंद टांडिलकर पर हत्या करने का संदेह व्यक्त किया गया।
प्राप्त सूचना पर थाना प्रभारी झल्लार श्री वाहिद खान पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशानुसार सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए तथा घटनास्थल की विधिवत फोटोग्राफी कराई गई।
अपराध पंजीयन
मामले में थाना झल्लार में अपराध क्रमांक 184/2026, धारा 103(1), 238 एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देश पर थाना प्रभारी झल्लार श्री बाहिद खान के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी :
1. गजानंद पिता संजू टांडिलकर, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम खोदरी, थाना झल्लार, जिला बैतूल।
2. सुनील पिता संजू टांडिलकर, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम खोदरी, थाना झल्लार, जिला बैतूल।
पूछताछ में सामने आया हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि घटना के समय गजानंद टांडिलकर, उसका भाई सुनील टांडिलकर एवं मृतक शेखर पाल गजानंद के घर पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतक शेखर पाल द्वारा गजानंद की पत्नी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे गजानंद अत्यधिक क्रोधित हो गया।
आरोपियों के कथन के अनुसार, गजानंद एवं उसके भाई सुनील ने शेखर पाल के साथ मारपीट की तथा धारदार हथियार से उसके सिर एवं गर्दन पर वार किए, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद दोनों भाइयों द्वारा शव को गजानंद के घर से सामने स्थित सुनील के टपरे में छिपा दिया गया, जहां से पुलिस द्वारा शव बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा प्रकरण में घटना से संबंधित अन्य साक्ष्यों एवं तथ्यों का संकलन करते हुए विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी झल्लार श्री वाहिद खान, सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी, एएसआई जगदीश नवरे, एएसआई राज पहाड़े, प्रधान आरक्षक 146 हाकम सिंह, प्रधान आरक्षक 106 जगदीश कीर, प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े, आरक्षक 669 हर्ष, आरक्षक 618 जगदीश, आरक्षक पवन एनिया, आरक्षक विवेक गाडगे, आरक्षक 585 नीतेश, महिला आरक्षक 471 रोशनी एवं सैनिक अमित मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा झल्लार पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की गई।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि आपसी विवाद, पारिवारिक विवाद अथवा किसी भी बात को लेकर कानून हाथ में न लें। विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखें तथा तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर पुलिस को सूचित करें। पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।