*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह*
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्म जयंती के अवसर पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के माननीय मंत्री सह पूर्वी चंपारण जिले के प्रभारी मंत्री श्री श्रवण कुमार ने गांधी मैदान मोतिहारी के बाल उद्यान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का चंपारण से गहरा जुड़ाव रहा है। इसी ऐतिहासिक धरती से गांधीजी ने किसानों की समस्याओं को लेकर सत्याग्रह का नेतृत्व किया और देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि मोतिहारी की धरती ऐतिहासिक और प्रेरणादायी है। गांधी जयंती के अवसर पर यहां आकर बापू को श्रद्धांजलि देने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।
माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन पूर्वी चंपारण के द्वारा किया गया था। जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव, अपर समाहर्ता श्री मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार,एडीएम pgro श्री शैलेंद्र कुमार भारती,एडीएम विभागीय जांच मो सिबगतुल्लाह सहित अन्य पदाधिकारी ने भी माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर प्रबुद्ध जन एवं बड़ी संख्या में नगर वासियों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
माननीय मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश देकर देशवासियों को एकजुट किया। उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। गांधीजी की कर्मभूमि चंपारण में उनकी जयंती मनाना विशेष महत्व रखता है।
प्रभारी मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि शास्त्रीजी ने देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया था। उन्होंने जवानों और किसानों के योगदान को देश की प्रगति का आधार बताया था।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की और गांधीजी के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
रिपोर्ट अमरजीत सिंह