दुद्धी (सोनभद्र)।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को थाना दुद्धी में दुद्धी सर्किल के थानों का अर्दली रूम आयोजित कर अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनसुनवाई, मिशन शक्ति और साइबर अपराधों की समीक्षा की। इस दौरान दुद्धी, विंढमगंज, म्योरपुर, बभनी व बीजपुर थानों के प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं व शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछितों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामीला तथा हिस्ट्रीशीटरों और अराजक तत्वों पर सतत निगरानी के निर्देश दिए। रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग बढ़ाने को भी कहा।
महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई तथा मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा और जागरूकता को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साइबर अपराधों में तत्काल कार्रवाई, पीड़ितों की धनराशि होल्ड कराने के प्रयास और 1930 हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
इसके बाद एसपी ने थाना दुद्धी का निरीक्षण कर कार्यालय, अभिलेख, जनसुनवाई, महिला हेल्प डेस्क, बैरक, मालखाना और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह थाना अध्यक्ष विंढमगंज रवि मिश्रा,बीजपुर अविनाश सिंह ,वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह,हरिकेश आजाद,संतु सरोज राम सजीवन सहित अन्य पुलिसकर्मी व अधिकारी मौजूद रहे।
