इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर।
राजधानी रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना खमतराई थाना क्षेत्र के डीएम टावर के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना 2 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:28 बजे की बताई जा रही है। प्रतीक राय घर से खाना खाने के लिए डीएम टावर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत के बहाने नीचे बुलाया। नीचे पहुंचने के बाद कथित तौर पर उन्हें जबरन काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से ले जाया गया।
यूपी पासिंग स्कॉर्पियो बनी जांच का अहम आधार
घटना के बाद प्रतीक राय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उनकी पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक UP 32 RR 7454 को जांच का अहम आधार बनाया है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के एक युवक ने तीन संदिग्धों में से दो के मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस इन मोबाइल नंबरों और वाहन से जुड़ी जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
खमतराई पुलिस मामले में जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों और लापता कारोबारी की तलाश में जुटी है।
फिलहाल प्रतीक राय को कथित तौर पर अपने साथ ले जाने के पीछे की वजह क्या है और उनकी वर्तमान स्थिति क्या है, इसे लेकर पुलिस जांच जारी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों और घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।