इडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
धमतरी।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवती पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
एक ही राइस मिल में काम करते हैं दोनों
जानकारी के मुताबिक, घायल युवती की पहचान अनीता मंडावी, निवासी कोंडागांव के रूप में हुई है। वह कुरूद क्षेत्र स्थित बालाजी राइस मिल में काम करती है। वहीं आरोपी युवक दिलेश्वर, निवासी भाटा गांव, भी उसी राइस मिल में काम करता है।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।
मोबाइल रिचार्ज को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक अनीता के मोबाइल में अपने पैसों से रिचार्ज करवाता था। इसी दौरान उसे संदेह हुआ कि रिचार्ज कराने के बाद अनीता किसी अन्य व्यक्ति से लंबे समय तक बातचीत करती है। इसी शक को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
आरोप है कि इसी विवाद के बाद दिलेश्वर अनीता के घर में घुसा और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
कमर और जांघ समेत कई जगह चोट
चाकू के हमले में अनीता की कमर और जांघ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवती को पहले कुरूद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए धमतरी के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद कुरूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में घटना के कारणों, हथियार और अन्य परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच कर रही है।
नोट: घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और घायल युवती की वर्तमान स्थिति की आधिकारिक जानकारी पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।