प्रेस विज्ञप्ति
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला सिवनी (म.प्र.)
यातायात पुलिस सिवनी, हेलमेट एवं सीटबेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले 120 वाहन चालकों पर कार्रवाई
47,200/- रुपये का समन शुल्क वसूल*
पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस सिवनी द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
कार्यवाही का विवरण :-
यातायात पुलिस सिवनी द्वारा दिनांक 01/10/2026 को शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान मुख्य रूप से दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीटबेल्ट के उपयोग की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 120 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों से कुल 47,200/- रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
चालानी कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के संबंध में समझाईश भी दी गई। वाहन चालकों को बताया गया कि हेलमेट एवं सीटबेल्ट केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। सड़क दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर में होने वाली गंभीर चोटों से बचाव में सहायक होता है, वहीं सीटबेल्ट गंभीर दुर्घटनाओं में जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
यातायात पुलिस सिवनी द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं सीटबेल्ट का उपयोग करें तथा यातायात के सभी नियमों का पालन करें। स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
यातायात पुलिस सिवनी द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
“हेलमेट और सीटबेल्ट अपनाएं, अपने जीवन को सुरक्षित बनाएं।”
ब्यूरो चीफ-शुभम सनोडिया
सिवनी म प्र