जिला शाजापुर (मध्य प्रदेश)
जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर, जिला शाजापुर (मध्य प्रदेश) के क्रीड़ा विभाग के तत्वावधान में पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के वराहमिहिर भवन स्थित डोम में किया गया। शिविर का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे किया जा रहा है। इसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों, स्टाफ सदस्यों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी एवं जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला शाजापुर श्री देवेंद्र कुम्भकार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, एकाग्रता एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होने के साथ कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
योग प्रशिक्षक रिया दुबे द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करवाए गए तथा उनके सही तरीके और लाभों की जानकारी दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.के. त्यागी ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, स्टाफ एवं आमजन को नियमित योग करने तथा अन्य लोगों को भी योग के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।