पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के निर्देशन में शासकीय CM राइज़ स्कूल मुल्ताई में सृजन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपराध बोध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा वर्तमान समय में आवश्यक सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ किया गया। इस दौरान कक्षा 11वीं एवं 12वीं के लगभग 220 छात्र-छात्राओं को सृजन संवाद कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को मौलिक अधिकार एवं जिम्मेदारियां, महिला सुरक्षा, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा नशे के दुष्प्रभाव एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को अनजान लिंक, संदिग्ध फाइल एवं ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी एवं अन्य संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने एवं नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से थाना एवं डायल 112 वाहन के संबंध में जानकारी देकर डायल 112 वाहन की आपातकालीन सेवाओं के संबंध में भी विस्तार से बताया गया।
सृजन संवाद कार्यक्रम के साथ-साथ मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित विशेष अभियान सेवा संकल्प अभियान के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई तथा अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक श्यामलाल पाटिल रक्षित केंद्र बैतूल, थाना मुलताई से उपनिरीक्षक मोनिका पटले, आरक्षक 118 विवेक, आरक्षक 530 अमन वर्मा एवं शिक्षा विभाग के प्रशिक्षित शिक्षक रमेश कुमार पिंजारे एवं दशरथ गावंडे तथा शासकीय CM Rise School मुल्ताई के प्रिंसिपल संदीप गणेशे व शिक्षक कमलेश की विशेष भूमिका रही।
कैलाश आर्य
स्टेट रिपोर्टर मध्यप्रदेश