नेपाल के भैरहवा में बीते दिनों सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ठूठीबारी कस्बे के कालीगंज मोहल्ला निवासी गुड्डू सहानी (40) की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। शनिवार को अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि कालीगंज मोहल्ले सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार गुड्डू सहानी एक अक्टूबर 2026 को नेपाल में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए था। हादसे के बाद उन्हें भैरहवा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। परिजनों को उनके स्वस्थ होने की उम्मीद थी, लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। गुड्डू सहानी अपने परिवार के इकलौते बेटे था। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। ऐसे में परिवार की पूरी उम्मीदें उन्हीं पर टिकी थीं। उनके असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक गुड्डू अपने पीछे चार नाबालिग बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। पिता की मौत से चारों बच्चों के सिर से स्नेह और सुरक्षा का साया उठ गया है। वहीं, परिवार के सामने अब बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य को लेकर भी चिंता खड़ी हो गई है। गुड्डू की मौत की खबर से कालीगंज मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। परिवार के इकलौते सहारे की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
