समस्तीपुर, बिहार। वारिसनगर प्रखंड के चारों गांव स्थित पंचगामा दुर्गा मंदिर में नवरात्र के अवसर पर युवती मनीषा ने साधना शुरू की है। उन्होंने अपने सीने पर 9 कलश रखे हैं।
पिता के स्वास्थ्य के लिए लिया था संकल्प
मनीषा, प्रमोद सिंह की पुत्री हैं। बताया गया है कि पिछले वर्ष उनके पिता गंभीर रूप से बीमार थे। इस दौरान मनीषा ने मां दुर्गा से प्रार्थना की थी। उन्होंने पिता के स्वास्थ्य में सुधार होने पर कठिन साधना करने का संकल्प लिया था।
नवरात्र में शुरू की पूजा
परिजनों के अनुसार, उनके पिता की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। इसके बाद मनीषा ने अपना संकल्प पूरा करने का निर्णय लिया। रविवार को नवरात्र शुरू होने के साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना शुरू की।
परिजन कर रहे सहयोग
मंदिर के पुजारी ललित बाबा और समाजसेवी उपेंद्र प्रसाद के अनुसार, मनीषा की मां और अन्य परिजन उनकी साधना में सहयोग कर रहे हैं। साथ ही, मंदिर में आने वाले श्रद्धालु भी पूजा में शामिल हो रहे हैं।
मनीषा की साधना स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। परिवार पिता के अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना कर रहा है।