राजगीर / Nalanda । रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप मुकाबले में बिहार को उत्तर प्रदेश के हाथों पारी और 267 रनों से हार का सामना करना पड़ा। राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बिहार की टीम दोनों पारियों में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही। उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 153.1 ओवर में 540 रन बनाकर मजबूत स्थिति हासिल की। इसके जवाब में बिहार की पहली पारी 52.1 ओवर में 141 रनों पर सिमट गई। उत्तर प्रदेश की ओर से माधव कौशिक ने 152 रन और रिंकू सिंह ने 110 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि आराध्या यादव ने 86 और जीशान अंसारी ने 58 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। पहली पारी में 399 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद उत्तर प्रदेश ने बिहार को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी बिहार के बल्लेबाज उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके और पूरी टीम 36.4 ओवर में 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बिहार की ओर से मंगल महरौर ने पहली पारी में 25 और दूसरी पारी में 27 रन बनाए। दूसरी पारी में सुराज कश्यप ने 25 तथा कप्तान साकिबुल गनी ने 24 रनों का योगदान दिया। उत्तर प्रदेश की गेंदबाजी में पहली पारी के दौरान कार्तिक त्यागी और करण शर्मा ने चार-चार विकेट हासिल किए। दूसरी पारी में जीशान अंसारी ने चार, करण शर्मा ने तीन और कार्तिक यादव ने दो विकेट झटके, जबकि अभिनंदन को एक विकेट मिला। शानदार बल्लेबाजी के लिए माधव कौशिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस हार के बाद बिहार की टीम को आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए बल्लेबाजी में सुधार, विकेट पर टिककर खेलने और बड़ी साझेदारियां बनाने पर ध्यान देना होगा। मुकाबले में डानियाल मनोहर ने मैच रेफरी तथा शंकर सिवासुब्रमणियां और रमेश के.एन. ने अंपायर की भूमिका निभाई।