खेत से ट्यूबवेल की मोटर चोरी कर भाग रहे तीन चोरों में एक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, दो फरार
सिंभावली। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव फरीदपुर में खेत से ट्यूबवेल की मोटर चोरी कर ले जा रहे तीन लोगों में से एक को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को चोरी की मोटर और मोटरसाइकिल सहित पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदपुर गुसाईं निवासी परविंद्र गिरि ने सिंभावली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 12 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह अपने साथी गजेंद्र गिरि के साथ खेत पर ट्यूबवेल देखने गए थे। इसी दौरान तीन लोग मोटरसाइकिल संख्या UP37F5720 पर ट्यूबवेल की मोटर ले जाते दिखाई दिए।
शोर मचाने पर दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि ग्रामीणों ने अरुण पुत्र छतरा निवासी फरीदपुर गुसाईं को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान अरुण ने अपने फरार साथियों के नाम पुनीत गिरि और विकास गिरि बताए।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को चोरी की मोटर और मोटरसाइकिल के साथ पुलिस को सौंप दिया। थाना सिंभावली प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी अरुण को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।