- राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपा पत्र
उरई (जालौन)। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग को लेकर डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा। संगठन ने लिविंग इंडिया एवं हिंदी खबर न्यूज चैनल के संपादकों और एक महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष मनोज राजा के नेतृत्व में तैयार ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को सामने लाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के विरुद्ध किसी भी कानूनी कार्रवाई में पारदर्शिता और निर्धारित विधिक प्रक्रिया का पालन किया जाना जरूरी है।
ज्ञापन में संबंधित प्रकरण की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा अधिकारों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने कहा कि पत्रकारों को बिना भय और दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए।
प्रेस क्लब ने पत्रकारों को धमकी देने, मारपीट और उत्पीड़न की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, महिला पत्रकारों की सुरक्षा तथा शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की पहल करने और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रभावी दिशा-निर्देश जारी करने पर जोर दिया।
संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध पूर्वाग्रह के आधार पर कार्रवाई कराना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा सुनिश्चित करना है। इस दौरान अलीम सिद्दीकी, अजय श्रीवास्तव, आशीष शिवहरे, आबिद नकवी, महावीर याज्ञिक, अशफाक उल्ला खान बल्लू, दीपू द्विवेदी, नितिन याज्ञिक, विशाल वर्मा, राजू सैनी, शैलेंद्र प्रताप याज्ञिक, प्रमोद पाल, रवींद्र गौतम, अफसर हक, प्रदीप महतवानी, राहुल अलाईपुरा, राजकुमार दोहरे, पुनीत चौरसिया, शिवशंकर, शीराज अहमद, मुबीन खान, नवनीत सिंह, जितेंद्र सोनी, अफरोज शेख, अखिलेश सिंह, विक्की परिहार, रवींद्र चौधरी, वसीम खान, मिथलेश कुमार, सुशील पांडेय, मयंक राजपूत, चंद्रशेखर राजपूत, विजय शंकर शुक्ला, डी.डी. पांचाल, विकास गुप्ता, उपेंद्र गुर्जर, मुहम्मद जैद, मनीष जादौन, उपेंद्र चौहान, निकेश कुमार, शिवांशु सिंह, ध्रुव यादव, राजा ओमरे सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।