ब्रेकिंग न्यूज़ चंदौली
चंदौली
जिले के जिला पूर्ति अधिकारी मनीष विक्रम का मंगलवार भोर में कार्डियक अटैक (हृदयाघात) से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से जिले के प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। मनीष विक्रम पिछले लगभग एक वर्ष से चंदौली जिले में जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मनीष विक्रम पूर्व में मुंह के कैंसर से पीड़ित थे और इस बीमारी से जूझने के बाद स्वस्थ हो गए थे। हालांकि, मंगलवार के भोर में अचानक कार्डियक अटैक आने से उनका निधन हो गया।
जिला पूर्ति अधिकारी के निधन पर जिलाधिकारी कार्यालय के मीटिंग हॉल में शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति दें।
मनीष विक्रम के निधन से जिले के प्रशासनिक महकमे में शोक का माहौल है। उनके असामयिक निधन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया।
चन्दौली से ब्यूरो चीफ अमित सिंह की रिपोर्ट