फतेहगंज पश्चिमी।
कस्बे के पास वसीट नाले में मंगलवार शाम एक अज्ञात महिला का पुराना शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम कस्बे के पास वसीट नाले पर बनी सड़क की पुलिया के निकट लोगों ने पानी में एक महिला का शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी आदेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों की टीम की मदद से देर शाम शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। महिला ने सफेद रंग का छींटदार सलवार-कुर्ता पहन रखा था। शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और पानी में पड़े रहने के कारण फूल गया था। महिला की पहचान कराने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि वसीट नाले से महिला का पुराना शव बरामद हुआ है। आशंका है कि शव बहकर वहां पहुंचा है। फिलहाल महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली