मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश
🌸 मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय/छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम
अवगत कराना है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री सूरज कुमार राय के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक अपराध एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जनपद में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी उपायों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
▶️ इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक अपराध एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ द्वारा नगर क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय/छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में उन्हें घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं एवं महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पम्फलेट के माध्यम से प्रदान की गई, जिससे छात्राएं आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
▶️ कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें साइबर ठगी से बचाव, अनजान कॉल एवं संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने, अपनी व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन एवं पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
▶️ कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाने के उद्देश्य से विद्यालय की छात्राओं द्वारा साइबर अपराध एवं मिशन शक्ति से संबंधित विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से महिला सुरक्षा, अधिकारों के प्रति जागरूकता एवं साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया। इस अवसर पर छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ज्योमेट्री बॉक्स वितरित किए गए तथा सूक्ष्म जलपान भी कराया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना सिविल लाईन श्री रघुराज सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुजफ्फरनगर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।