रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद।
बालोद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में बुधवार को पुलिस कार्यालय में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ लंबित अपराधों, शिकायतों, मर्ग प्रकरणों, गुमशुदगी और गिरफ्तारी वारंट सहित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में साइबर फ्रॉड के आरोपियों की शीघ्र पतासाजी, तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग और पीड़ितों को नियमानुसार राहत दिलाने पर जोर दिया गया। चोरी के मामलों में सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया। इसके अलावा विवेचना पूरी कर निर्धारित समय-सीमा में न्यायालय में चालान पेश करने, गुमशुदा व्यक्तियों की पतासाजी और लंबित गिरफ्तारी एवं स्थायी वारंटों की तामिली पर जोर दिया गया।
क्राइम मीटिंग में ट्रक चालकों की नियमानुसार जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, किरायेदारों, होटल और ढाबों का सत्यापन तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सीसीटीएनएस पोर्टल की लंबित प्रविष्टियां पूरी करने, मर्ग प्रकरणों में मेडिकल एवं विसरा रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
बालोद पुलिस ने अपराध नियंत्रण, प्रभावी विवेचना और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के माध्यम से आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।