सकीट (एटा)। कस्बा सकीट स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में थाना सकीट पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अनोखेलाल सिंह, थाना अध्यक्ष मधु दुबे, विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और पुलिस बल मौजूद रहा। अभियान के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम में थाना अध्यक्ष मधु दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर क्यूआर कोड स्कैन नहीं करना चाहिए और न ही फोन कॉल पर ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा करने चाहिए।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, सोशल मीडिया पर अपरिचित लोगों से सावधान रहने और अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी। साथ ही बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनोखेलाल सिंह ने भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और पुलिस द्वारा दी गई जानकारियों को अपने परिवार व आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और पुलिस बल की सहभागिता रही। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय अपनाने का संदेश दिया गया।