एमएलसी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पंचायत से प्रखंड स्तर तक जनसंपर्क तेज करने का आह्वान
संवाददाता अजय कुमार | शिवहर
शिवहर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राधाकांत गुप्ता उर्फ बच्चू जी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को प्रत्याशी बनाया है। उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता के साथ चुनाव अभियान में जुटना होगा।
अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में राधाकांत गुप्ता ने कहा कि पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक स्नातक मतदाताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार तीन लोकसभा और 26 विधानसभा क्षेत्रों तक है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को डॉ. रश्मि विनायक गौतम का प्रतिनिधि बनकर मतदाताओं से वोट मांगना होगा।
उन्होंने डॉ. गौतम को शिक्षित और विद्वान महिला बताते हुए उनकी जीत का भरोसा जताया। एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता उन्हें नकार रही है।
राधाकांत गुप्ता ने कहा कि सातवें वेतनमान के लागू होने से छह लाख शिक्षकों को लाभ मिलेगा और उनके परिवारों में खुशी आएगी। उन्होंने राजद को बिहार की सबसे बड़ी पार्टी बताते हुए सामाजिक न्याय की विचारधारा को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।
प्रेस वार्ता में राजद युवा जिला अध्यक्ष विनोद राय, हेमंत यादव, राम विनय पासवान, मोहम्मद अशरफ अली, मनीष कुमार पांडेय और संतु पासवान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।