झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी की पहल पर जनपद के 1380 परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। बैठक में अभिभावकों को बच्चों के पारंपरिक रिपोर्ट कार्ड के स्थान पर होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (एचपीसी) के माध्यम से उनकी शैक्षिक प्रगति, सीखने के स्तर और सर्वांगीण विकास की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने विकासखंड बड़ागांव के पीएम श्री विद्यालय दिगारा में आयोजित पीटीएम की अध्यक्षता की। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से सीधा संवाद कर बच्चों की शैक्षिक उपलब्धियों, सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों तथा विद्यालय में नियमित उपस्थिति के महत्व पर चर्चा की।
होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड में भाषा, गणित और विज्ञान जैसे विषयों में बच्चों की प्रगति के साथ शारीरिक स्वास्थ्य, खेलकूद, अनुशासन, आत्मविश्वास, सहपाठियों के साथ व्यवहार, नैतिक मूल्यों और कला, संगीत एवं क्राफ्ट जैसी रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता का विवरण शामिल किया गया। इससे अभिभावकों को बच्चों की क्षमताओं और उनके विकास के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
पीटीएम के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों से व्यक्तिगत संवाद कर बताया कि वे घर पर बच्चों की पढ़ाई में किस प्रकार सहयोग कर सकते हैं। नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूरी बनाने और बच्चों की कमजोरियों को दूर करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। अभिभावकों ने अपने सुझाव साझा करते हुए बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिया।
जनपद के सभी 1380 विद्यालयों में आयोजित बैठकों में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में भी अभिभावकों ने विशेष रुचि दिखाई। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चार्ट, मॉडल और कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने कहा कि होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड का उद्देश्य केवल बच्चों का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि उनकी क्षमताओं को पहचानकर उन्हें उचित दिशा देना है। विद्यालय और अभिभावक मिलकर प्रयास करेंगे, तभी बच्चे आत्मविश्वासी, संस्कारवान और सफल नागरिक बन सकेंगे। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की।
वहीं, रानी लक्ष्मीबाई प्राथमिक विद्यालय, नगर क्षेत्र में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र गौड़ ने सहभागिता करते हुए बताया कि पीटीएम से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर बच्चों के लिए व्यक्तिगत सुधार योजनाएं तैयार की जाएंगी तथा होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड को और प्रभावी बनाया जाएगा। विभिन्न विकासखंडों में खंड शिक्षा अधिकारियों ने बैठकों का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कक्षा छह के मोहित रायकवार को सर्वाधिक उपस्थिति के लिए सम्मानित किया। वहीं, कक्षा छह के देव कुशवाहा और कक्षा पांच की संध्या को निपुण टेस्ट में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में एबीएसए उपेन्द्र प्रताप सिंह, आयुषी, प्रधानाध्यापिका राजेश्वरी, मधु पासी, सोनम तिवारी, राजीव यादव, संजय उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।