अशोकनगर जिले के जोलन गांव में मक्का के भुट्टे तोड़ने का काम करने आए 33 मजदूरों ने 15 दिन तक काम कराने के बाद मजदूरी नहीं देने का आरोप लगाया है। मजदूरों के अनुसार, उन्हें प्रतिदिन 450 रुपये मजदूरी देने की बात कही गई थी, लेकिन काम पूरा करने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। मजदूरी मांगने पर गांव छोड़ने के लिए कहने और धमकी देने का भी आरोप है।
शुक्रवार को मजदूर अपने बच्चों और सामान के साथ अशोकनगर कलेक्ट्रेट पहुंचे और श्रम विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद श्रम विभाग के अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति से फोन पर बात की। अधिकारियों के मुताबिक, उसने बकाया मजदूरी देने की बात कही है। अब मजदूरों को भुगतान मिलने का इंतजार है।