मऊरानीपुर (झांसी): जिलाधिकारी श्री गौरंग राठी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊरानीपुर का विस्तृत निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएमओ सहित उपस्थित चिकित्सकों को निर्देशित किया कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप अस्पताल आने वाले हर गरीब, बीमार और असहाय व्यक्ति को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।
नवनिर्मित केंद्र और इमरजेंसी वार्ड का जायजा
जिलाधिकारी ने सबसे पहले नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र और इमरजेंसी वार्ड का भ्रमण किया, जहां सड़क दुर्घटना में घायल दो मरीजों का इलाज डॉ. रामपाल द्वारा किया जा रहा था। उन्होंने आपात स्थिति में एम्बुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम के बारे में जानकारी ली, जिस पर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने रिस्पॉन्स टाइम को संतोषजनक बताया।
जेएसएसके वार्ड और भोजन व्यवस्था
जेएसएसके (जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम) वार्ड और लेबर रूम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती महिलाओं के तीमारदारों से बातचीत की। उन्होंने प्रेरणा कैंटीन के माध्यम से दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और आपूर्ति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि प्रसूता एवं उनके एक तीमारदार को नियमानुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
मॉड्यूलर ओटी और शव वाहन की सौगात
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि सीएचसी में प्रतिमाह लगभग 1800 आईपीडी मरीज आते हैं और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज कराने आते हैं।
-
शव वाहन: मरीजों के अत्यधिक भार को देखते हुए शव वाहन की आवश्यकता पर जिलाधिकारी ने एसडीएम मऊरानीपुर को सीएसआर (CSR) या अन्य मद से शव वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
-
मॉड्यूलर ओटी: मरीजों के दबाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने ‘जिला खनिज फाउंडेशन न्यास’ (DMFT) के तहत मॉडर्न मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (OT) की स्थापना के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
परिसर की सफाई और कड़े सुरक्षा इंतजाम
-
कबाड़ एम्बुलेंस की नीलामी: परिसर में खड़ी निष्प्रयोज्य (खराब) एम्बुलेंस को नियमानुसार नीलाम करने के निर्देश सीएमओ को दिए गए।
-
पोस्टमार्टम हाउस का जीर्णोद्धार: स्थानीय लोगों की मांग पर पोस्टमार्टम हाउस के नवीनीकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
-
अवांछित तत्वों पर रोक: बाहरी वैनों और बिचौलियों की गतिविधियों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सुरक्षाकर्मियों को अवांछित तत्वों से पूछताछ करने और ओटी क्षेत्र में अनावश्यक भीड़/तीमारदारों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के आदेश दिए।
झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर चलेगा अभियान
निरीक्षण के दौरान निजी प्रैक्टिस, झोलाछाप डॉक्टरों और सील किए गए अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों के पुनः संचालन की शिकायतें मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी (मऊरानीपुर) मनोज आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. शिशिर पुरी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान तिवारी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आर.एन. सिंह, डॉ. रामपाल, डॉ. लाल सिंह, डॉ. दीपमाला सहित अन्य संबंधित अधिकारी व चिकित्सक उपस्थित रहे।
