दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय रामलीला कमेटी तथा श्री दुर्गा पूजा समिति (विकास क्लब) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार की सायं नगर में परंपरागत भरत मिलाप का ऐतिहासिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा नगर धार्मिक आस्था से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम से पूर्व अपराह्न बाद भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा रामनगर से रथ पर निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगरवासियों को दर्शन कराती हुई श्री संकट मोचन मंदिर तिराहा चौक तक पहुंची। शाम लगभग साढ़े 6 बजे शोभायात्रा के आगमन के साथ ही आतिशबाजी के रंगीन नजारों से आसमान जगमगा उठा।
भरत मिलाप रामायण का अत्यंत भावप्रेरक प्रसंग है, जिसमें भरत जी अयोध्या से चित्रकूट पहुंचकर भाई श्रीराम से मिलते हैं और उन्हें अयोध्या लौटने का आग्रह करते हैं। श्रीराम पिता दशरथ को दिए वचन का पालन करते हुए 14 वर्ष का वनवास पूरा करने का संकल्प दोहराते हैं। तत्पश्चात भरत जी श्रीराम की चरण पादुकाएं मांगते हैं और उन्हें सिर पर रखकर अयोध्या लौटते हैं, जहां पादुकाओं को राजसिंहासन पर स्थापित कर वे श्रीराम के प्रतिनिधि के रूप में 14 वर्ष तक राजकाज संभालते हैं। यह प्रसंग भाईचारे, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
भरत और श्रीराम के मिलन के मंचन के दौरान कुछ क्षणों के लिए वातावरण भावुक और गमगीन हो उठा, मानो अयोध्या का वह ऐतिहासिक क्षण नगरवासियों के समक्ष सजीव हो उठा हो। मंचन के दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा और और पूरा जनसमूह में उत्साह की लहर दौड़ गई।इसके पश्चात तहसील प्रांगण स्थित श्री रामलीला मंच पर राजगद्दी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक कर भरत जी द्वारा चरण पादुका लौटाने की प्रतीकात्मक झांकी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारीगण एवं नगर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि ने की। इस अवसर पर कमेटी पदाधिकारियों ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुद्धी की यह ऐतिहासिक परंपरा नगर की धार्मिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को हर वर्ष और सशक्त बनाती है।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के संरक्षक देवनारायण जायसवाल, चंद्रिका प्रसाद, नंदलाल अग्रहरि, मैनेजर कमलेश सिंह कमल, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, कमेटी महामंत्री सुरेंद्र कुमार, रामेश्वर राय, विकास क्लब अध्यक्ष रवि जायसवाल, मनीष जायसवाल, सीओ विनय प्रभारक साहनी, प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, डॉ. मिथिलेश, आलोक अग्रहरि, रविन्द्र जायसवाल, पंकज जायसवाल, प्रेमचंद्र गुप्ता, अमरनाथ जायसवाल, संदीप गुप्ता, सुमित सोनी, धीरज जायसवाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अविनाश वाह-वाह ने किया।

