धामनोद, धार।
नगर में सुन्द्रेल फाटे से प्रकाश नगर तक मुख्य सड़क का निर्माण करीब साढ़े तीन साल से अधूरा पड़ा है। इंदौर-मुंबई हाईवे से नगर को जोड़ने वाली इस सड़क के अधूरे निर्माण के कारण रहवासी धूल-मिट्टी से परेशान हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में वाहन फंसने और दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आई हैं।
सड़क निर्माण को लेकर कई बार आंदोलन और भूमिपूजन हो चुके हैं। मामला सांसद, विधायक और मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया। बार-बार काम बंद होने से नगरवासियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
पूर्व विधायक पांचीलाल मेड़ा ने एसडीएम से चर्चा कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि 3-4 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो वे नगरवासियों के साथ दोबारा धरने पर बैठेंगे और निर्माण पूरा होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।
इस दौरान शिव दाबड़, लोकेश शिंदे, पार्षद चिंटू चौहान, गोकुल कोगे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ITN नेशनल न्यूज़
धार से संवाददाता अंतिम शिंदे की रिपोर्ट
