¥खुर्जा। मुरादाबाद में आयोजित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में बुलंदशहर जिले से भारी भागीदारी देखने को मिली। सम्मेलन में जिला अध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में बुलंदशहर और खुर्जा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर बुलंदशहर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं विधानसभा 70 (खुर्जा) के प्रभारी भजन लाल विमल अपनी पूरी टीम और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सम्मेलन स्थल पहुँचे और अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा, AICC राष्ट्रीय सचिव व पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी संजीव आर्य, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, पूर्व सांसद राशिद अल्वी एवं पूर्व सांसद कुँवर दानिश अली समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।
नेताओं ने राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को सफल बनाने के लिए आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने की अपील की। सम्मेलन के दौरान भजन लाल विमल एवं उनकी टीम को वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने और उनके विचार सुनने का अवसर प्राप्त हुआ। बुलंदशहर और खुर्जा से पहुँचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए प्रांतीय नेतृत्व ने उनकी सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में जिला उपाध्यक्ष एवं खुर्जा प्रभारी भजन लाल विमल ने बुलंदशहर व खुर्जा से आए सभी नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सम्मेलन को सफल बनाने के लिए हृदय से धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
