Yeचक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित खतरे को लेकर बालोद प्रशासन सतर्क, कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया संवाद; निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा



बालोद, 29 अक्टूबर 2026। संभावित चक्रवात ‘अर्नब’ और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने गुंडरदेही विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संभावित बाढ़ प्रभावित ग्राम मनहोरा में चौपाल लगाकर ग्रामीणों और मैदानी अमले से सीधा संवाद किया तथा सतर्कता बरतने की अपील की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को जलभराव और डूबान वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, राहत केंद्र तैयार रखने तथा राशन, बिजली, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने और नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखने की अपील की है।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पैरी के नाले में ‘विकसित भारत-जी राम जी’ के अंतर्गत चल रहे बाढ़ चैनल पुनरुद्धार कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रमिकों से दैनिक मजदूरी और सुविधाओं की जानकारी लेकर कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्राम भाटागांव ‘बी’ के स्कूल में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण कर स्वच्छता, पर्याप्त जल आपूर्ति और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जिला पंचायत सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी, गुंडरदेही जनपद पंचायत सीईओ नितेश साहू, एसडीओ घनश्याम सिन्हा, सहायक परियोजना अधिकारी ओमप्रकाश साहू एवं प्रभात साहू, कार्यक्रम अधिकारी प्रतिज्ञा चंद्राकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
