Jiबालोद: अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 8.64 बल्क लीटर देशी मदिरा जब्त
बालोद, 14 अक्टूबर 2026। बालोद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने 8.64 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला (सवा शेरा) जब्त की है। मामले में एक आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में 14 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। आबकारी टीम ने ग्राम तिलोदा, थाना रनचिरई निवासी कँवल सिंह (37), पिता प्रेमदास के कब्जे से देशी मदिरा जब्त की।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59-क के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक प्रतीक महोबिया, वृत्त गुंडरदेही द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक झगऊ राम नेताम और आबकारी आरक्षक कोमल सथपती का योगदान रहा। आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
