कानपुर नगर। थाना जाजमऊ क्षेत्र के पोखरपुर स्थित किंग्सटन एजुकेशन सेंटर में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं एवं बच्चों को विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक करना और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, अपराध से बचाव और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को जागरूक, सतर्क और साहसी बनने के लिए प्रेरित किया तथा किसी भी अप्रिय घटना या परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय विश्वसनीय व्यक्ति और पुलिस को सूचना देने की बात कही।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सुरक्षा एवं अपराध से जुड़े विभिन्न सवाल पूछकर अपने विचार व्यक्त किए। थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि जागरूकता, सतर्कता और समय पर सूचना देकर अपराधों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
*महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी*
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिलाओं से संबंधित उत्पीड़न की शिकायत के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181, संकट में फंसे बच्चों की सहायता के लिए 1098, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 तथा साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने के लिए 1930 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इन हेल्पलाइन नंबरों का सही समय पर उपयोग कर पीड़ित व्यक्ति सहायता प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक जितेंद्र कुमार तिवारी, प्रधानाचार्य अजीत तिवारी, अन्वार हुसैन, जे.पी. शर्मा, सब-इंस्पेक्टर पूनम, सब-इंस्पेक्टर प्रज्ञा मिश्रा, कांस्टेबल रंजना, कांस्टेबल सीमा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
riport by rahul diwvedi