बालोद में युवती पर एसिड अटैक का खुलासा, 8 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार; कथित प्रेमी ने रची थी साजिश
बालोद, 6 अक्टूबर 2026। बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने करीब आठ घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती को परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शहर के अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यश सोनकर से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने करण कुंजाम के साथ मिलकर हमले की योजना बनाने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, करण कुंजाम ने यश के कहने पर युवती पर एसिड फेंका और घटना के बाद तांदुला बांध की ओर भाग गया। पुलिस ने उसकी तलाश करते हुए उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपियों की पहचान यश कुमार सोनकर (20), निवासी नेवारिकला, बालोद और करण कुंजाम (20), निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के रूप में हुई है।
कार्रवाई एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, एएसपी चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और डीएसपी विनय साहू के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित थाना एवं साइबर सेल टीम की भूमिका रही।

