बालोद पुलिस की शराब के खिलाफ दोहरी कार्रवाई, 66 पाव देशी शराब के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
बालोद, 2 अक्टूबर 2026। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बालोद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 66 पाव रोमियो देशी मदिरा प्लेन शराब, दो मोटरसाइकिल और अन्य सामान जब्त किया है। दोनों मामलों में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पहली कार्रवाई में 1 अक्टूबर को ग्राम जामगांव भाटा खाद गोदाम के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 34 पाव शराब, कुल 6.120 बल्क लीटर, कीमत 2,720 रुपये बरामद हुई। शराब परिवहन में इस्तेमाल हीरो होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 0431 भी जब्त की गई। इस मामले में कुल जब्ती 17,720 रुपये बताई गई है।
इस प्रकरण में भूपेश कुमार ठाकुर (30), निवासी करहीभदर और वेदुराम नेताम उर्फ कृष्ण कुमार (55), निवासी करहीभदर को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जामगांव से करहीभदर की ओर मोटरसाइकिल से अवैध शराब ले जाई जा रही है। करहीभदर और आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 32 पाव देशी शराब, कुल 5.760 बल्क लीटर, कीमत 2,560 रुपये बरामद हुई। शराब परिवहन में इस्तेमाल हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 19 BJ 9283 भी जब्त की गई। इस मामले में कुल जब्ती 32,560 रुपये की बताई गई है।
दूसरे मामले में महेन्द्र कुमार नेताम (32) और डायमन कुमार साहू (33), दोनों निवासी करहीभदर, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 516/2026 और 517/2026 दर्ज करते हुए धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
बालोद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री या परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



