धान खरीदी के लेन-देन में 6.71 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, बालोद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बालोद, 2 अक्टूबर 2026। धान खरीदी के नाम पर राशि और चेक संबंधी लेन-देन में धोखाधड़ी के मामले में थाना बालोद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम हीरापुर निवासी मनसुख साहू और परमानंद साहू की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक शिकायत में ग्राम मेड़की निवासी संजय कुमार साहू (45) पर वर्ष 2026 में गर्मी फसल की धान खरीदी के दौरान भुगतान के लिए दिए गए चेक के अनादरित होने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के अनुसार पहले लेन-देन में 150 क्विंटल 30 किलोग्राम धान 2,300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कुल 3,45,690 रुपये में खरीदा गया। भुगतान के लिए दिए गए चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण अनादरित हो गए।
इसी तरह दूसरे लेन-देन में 183 क्विंटल 28 किलोग्राम धान 2,050 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कुल 3,75,724 रुपये में खरीदा गया। इसमें 50 हजार रुपये नकद भुगतान के बाद शेष 3,25,724 रुपये के चेक दिए गए, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर अनादरित हो गए।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा धान खरीदी से संबंधित दस्तावेज, चेक और इकरारनामा आदि जब्त किए गए। विवेचना में कुल 6,71,414 रुपये की धान खरीदी के भुगतान को लेकर धोखाधड़ी किए जाने संबंधी तथ्य सामने आने पर आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी संजय कुमार साहू, पिता स्व. अधनू राम साहू, निवासी ग्राम मेड़की, थाना एवं जिला बालोद को 30 सितंबर 2026 को रात 8 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
बालोद पुलिस ने किसानों और आम नागरिकों से कृषि उपज की खरीदी-बिक्री अथवा अन्य आर्थिक लेन-देन के दौरान आवश्यक दस्तावेज एवं भुगतान संबंधी अभिलेख सुरक्षित रखने और धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
