अर्जुंदा कॉलेज में पेयजल और शौचालय की बदहाली पर ABVP नाराज, प्राचार्य पर दुर्व्यवहार का आरोप; 7 दिन का अल्टीमेटम
बालोद, 9 अक्टूबर 2026। बालोद जिले के अर्जुंदा स्थित शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय में पेयजल, शौचालय और सेनेटरी पैड मशीन की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने नाराजगी जताई है। परिषद ने समस्याओं के समाधान के लिए प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता को ज्ञापन सौंपते हुए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है।
ABVP के जिला संयोजक दिपेश साहू के अनुसार, निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय में पेयजल की अव्यवस्था, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई नहीं होने और छात्राओं के लिए लगाई गई सेनेटरी पैड मशीन करीब दो वर्षों से बंद होने की जानकारी सामने आई।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे परिषद पदाधिकारियों ने प्राचार्य पर दुर्व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। परिषद का दावा है कि समस्याओं को लेकर चर्चा के दौरान प्राचार्य ने कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। हालांकि, इस संबंध में प्राचार्य का पक्ष उपलब्ध नहीं है।
परिषद ने पेयजल व्यवस्था सुधारने, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और सेनेटरी पैड मशीन दोबारा चालू कराने की मांग की है। ABVP ने चेतावनी दी है कि सात दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं होने पर छात्रहित में आंदोलन किया जाएगा।



