झांसी। विकास भवन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में ‘जनपद स्तरीय रवि उत्पादकता गोष्ठी-2026’, ‘किसान दिवस’ एवं ‘कृषक-वैज्ञानिक गोष्ठी’ का भव्य और विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया।
खाद और बीज की कोई कमी नहीं, ओवररेटिंग पर होगी सख्त कार्रवाई किसान गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है। उन्होंने रबी सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों को आश्वस्त किया कि जनपद में खाद और उन्नतशील बीजों की कोई कमी नहीं है। सभी सोसायटियों और निजी विक्रेताओं के पास पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध है।
डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर उर्वरकों की ओवररेटिंग (निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलने) की शिकायत मिली, तो संबंधित के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे केवल उच्च उत्पादकता वाले प्रमाणित और उन्नतशील बीजों का ही उपयोग करें।
पराली न जलाने की अपील, डीकंपोजर के इस्तेमाल पर जोर पर्यावरण संरक्षण और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए जिलाधिकारी ने किसानों से पराली न जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फसल अवशेष जलाने से जमीन की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है। इसके स्थान पर फसल अवशेष प्रबंधन के लिए ‘डीकंपोजर’ का उपयोग कर मृदा में कार्बन की मात्रा बढ़ाई जाए। इसके लिए गांवों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने के निर्देश किसान दिवस के दौरान गरौठा तहसील के श्री पंकज राजपूत समेत अन्य किसानों ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि निजी ट्यूबवेलों के ट्रांसफार्मर खराब होने से मूंगफली की खड़ी फसल और रबी की बुवाई प्रभावित हो रही है। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को पलेवा करने और खेत खाली करने में कोई असुविधा न हो।
इसके अलावा किसान नेता श्री कमलेश लम्बरदार, श्री गौरीशंकर विदुआ और श्री महेंद्र शर्मा ने भी किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिन्हें डीएम ने संबंधित विभागों को सौंपकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रगतिशील किसानों को मिलेगा एक्सपोजर विजिट का लाभ कृषि विविधीकरण और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के प्रगतिशील किसानों को अन्य क्षेत्रों में ‘एक्सपोजर विजिट’ (अध्ययन भ्रमण) पर भेजा जाए, ताकि वे नई कृषि तकनीकों को सीखकर अपने क्षेत्र में उसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान केवीके वैज्ञानिक डॉ. निशि राय, मत्स्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती दीपमाला, विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक कुमार कुशवाहा, श्री लल्ला सिंह, श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह, श्री अनिल कुमार सहित विद्युत, पशुपालन, दुग्ध, लघु सिंचाई और नलकूप विभाग के तमाम अधिकारी व बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
