दुद्धी (सोनभद्र)।एनएच-39 स्थित विंढमगंज थाना क्षेत्र के ज़ोरुखाड़ गांव के पास शुक्रवार शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की टक्कर में 50 वर्षीय एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान अवधेश पुत्र बैजनाथ (50) निवासी कोरगी, वर्तमान में मलदेवा दुद्धी, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अवधेश रिश्तेदारी से विंढमगंज की ओर से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ज़ोरुखाड़ गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पास के खेत में जा उतरी। हादसे की सूचना पर स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया, जिसके माध्यम से घायल अवधेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. शाह आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में अवधेश के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शरीर के विभिन्न हिस्सों में भी चोटें हैं।
