दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया पावर हाउस के पास बुधवार दोपहर करीब एक बजे डीसीएम, टीपर और बोलेरो के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई, जबकि टीपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बोलेरो में सवार सभी लोगों के सुरक्षित बताए जाने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार, डीसीएम ट्रक पर आटा लादकर आश्रम की तरफ से दुद्धी आ रहा था। वहीं बालू लदा टीपर दुद्धी से झारो की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। तभी पीछे से आ रही बोलेरो डीसीएम में जा घुसी। हादसे में डीसीएम चालक राजकुमार रावत (28)पुत्र सुरजलाल निवासी सिंगरौलिया थाना बैढ़न मध्य प्रदेश, की मौत हो गई। वहीं टीपर चालक नंदू (18) पुत्र मुन्नालाल निवासी कोरगी डुमरा थाना विंढमगंज घायल हो गया। बताया जाता है कि टीपर चालक हादसे के बाद काफी देर तक वाहन के अंदर फंसा रहा।
घटना की सूचना पर पहुंची 102 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार एवं हीरालाल ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। घटना की सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भिड़े हुए वाहनों को सड़क से हटवाने के लिए जेसीबी मशीन से कड़ी मशक्कत कराई गई। जेसीबी की मदद से वाहनों को सड़क से हटाए जाने के बाद ही यातायात पूरी तरह बहाल हो सका। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

