दुद्धी (सोनभद्र)।उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत बुधवार को दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला मंत्री मनोज सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक साहू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
रोजगार मेले में राज्य परिवहन विभाग, पोर्स टेक्नोलॉजीज, सोलेरा इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स, हिंडाल्को, ओमकार ग्रुप, अनंत सोलर, एसीई सहित बीस से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए विधानसभा क्षेत्र के युवाओं का साक्षात्कार एवं योग्यता के आधार पर चयन किया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमलेश मोहन ने नियुक्ति पत्र वितरित किए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कमलेश मोहन ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को रोजगार से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा और योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाते हुए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।वहीं जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक साहू ने कहा कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगार मेले के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिल रहा है।उन्होंने कहा कि आगामी 18 नवंबर को पुनः राबर्ट्सगंज डायट पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाना है।
इस मौके पर आईटीआई के प्रधानाचार्य रविन्द्र पटेल, विनोद यादव, सुरेश साहू सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
