दुद्धी (सोनभद्र)। ग्रामीण अंचल के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मॉडर्न आईटीआई हिराचक महुली ने सराहनीय उपलब्धि हासिल की है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र दुद्धी में आयोजित रोजगार मेले में संस्थान के 138 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया, जिसमें 83 छात्रों का चयन हुआ। इस शानदार सफलता से न केवल चयनित युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिली है, बल्कि संस्थान परिवार और क्षेत्र में भी हर्ष एवं उत्साह का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र दुद्धी में आयोजित रोजगार मेले में साक्षात्कार देने के लिए मॉडर्न आईटीआई हिराचक महुली की ओर से कुल 138 प्रशिक्षार्थियों को भेजा गया। छात्रों के उत्साहवर्धन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ संस्थान के चेयरमैन मकसूद आलम, निदेशक मंसूर आलम एवं प्रधानाचार्य हृदयनारायण ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस अवसर पर संस्थान प्रबंधन ने छात्रों को पूरी तैयारी, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ साक्षात्कार में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
रोजगार मेले में पहुंचे प्रशिक्षार्थियों ने विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया। तकनीकी प्रशिक्षण और अपने हुनर के दम पर छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जिसका परिणाम रहा कि कुल 138 प्रतिभागियों में से 83 छात्र चयनित होने में सफल रहे। यह उपलब्धि संस्थान के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ उन परिवारों के लिए भी बड़ी खुशखबरी है, जिनके बच्चे तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर अपने पैरों पर खड़े होने का सपना संजोए हुए हैं।
इस सफलता को ग्रामीण क्षेत्र में तकनीकी एवं रोजगारपरक शिक्षा के बढ़ते महत्व के रूप में भी देखा जा रहा है। रोजगार मेले में छात्रों की उल्लेखनीय सफलता से यह उम्मीद जगी है कि अब ग्रामीण अंचल के युवाओं को भी हुनर और योग्यता के बल पर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। संस्थान प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास सराहनीय रहा।
इस दौरान प्रधानाचार्य हृदयनारायण, ट्रेनिंग प्लेसमेंट ऑफिसर मनोज कुमार कन्नौजिया, फोरमैन कुलदीप कुशवाहा एवं अनुदेशक सतीश चन्द छात्रों के साथ रोजगार मेले में उपस्थित रहे। इन सभी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और चयन प्रक्रिया में सहयोग किया।
संस्थान के चेयरमैन मकसूद आलम, निदेशक मंसूर आलम एवं प्रधानाचार्य हृदयनारायण ने चयनित सभी 83 विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संस्थान के प्रशिक्षार्थी भविष्य में भी अपनी मेहनत, तकनीकी ज्ञान और कार्यकुशलता के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।
मॉडर्न आईटीआई हिराचक महुली की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के साथ ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी रोजगार की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं।
