दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय रामलीला मैदान में लगी दर्जनभर आतिशबाजी की दुकानों का शुक्रवार शाम निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने पर नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह ने दुकानदारों को सख्त निर्देश देते हुए नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में निर्धारित मानक से अधिक पटाखे रखे जाने और टेंट में कपड़े के पर्दे लगे होने पर नायब तहसीलदार ने नाराजगी जताई। उन्होंने दुकानदारों को निर्देशित किया कि दुकानों में मानक से अधिक पटाखों का भंडारण न करें तथा ज्वलनशील कपड़े के पर्दों को हटाकर टीन शेड का प्रयोग करें। साथ ही चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि शांति समिति की बैठक के दौरान पुलिस उपाधीक्षक विनय प्रभाकर साहनी ने भी पटाखा दुकानदारों को टीन शेड अथवा खुले आसमान के नीचे दुकानें लगाने का निर्देश दिया था, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।
