सहारनपुर
सहारनपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सहारनपुर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक योजना तैयार की है। शहर के प्रमुख बाजारों, सराफा बाजारों, चौराहों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर सुबह आठ से रात आठ और रात आठ से सुबह आठ बजे तक दो पालियों में पुलिस बल तैनात रहेगा। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को सेक्टर स्कीम, स्टेशनरी ड्यूटी और पिकेट्स में बांटा गया है। बड़े कैश और ज्वेलरी के आवागमन को लेकर व्यापारियों व सराफा कारोबारियों से संवाद किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर नियमानुसार सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।उन्होंने बताया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस के साथ देहात क्षेत्रों में ग्राम चौकीदारों तथा शहरी क्षेत्रों में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और एसपीओ को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस का उद्देश्य है कि लोग सुरक्षित माहौल में हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़
