राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री ने धरती आबा बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि
सीएनटी-एसपीटी एक्ट राज्य के आदिवासियों का सुरक्षा कवच ■बोले चंपाई
हजारीबाग संवाददाता
हजारीबाग मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट राज्य के आदिवासी और मूलवासियों का सुरक्षा कवच है। दोनों ऐक्ट बिरसा मुंडा और उनके जैसे शहीद बलिदानी पूर्वजों की ही देन है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर हम सभी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की जरूरत है। मुख्यमंत्री रविवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को उनकी पुण्यतिथि पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के बाद संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राजधानी में बिरसा मुंडा से जुड़े तीन प्रमुख स्थानों पर जाकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी। सबसे पहले राजधानी में स्थित बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान एवं संग्रहालय परिसर पहुंचे। वहां बारी-बारी से भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद संग्राहलय परिसर का जायजा भी लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री और राज्यपाल कोकर स्थित बिरसा मुंडा की समाधि स्थल पर पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।
भगवान बिरसा मुंडा के कोकर स्थित समाधिस्थल पर रविवार को श्रद्धांजलि देते राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन।
हमेशा आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ न केवल जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा की लड़ाई लड़ी, बल्कि यहां के आदिवासी-मूलवासियों के हक और अस्मिता की भी लड़ाई लड़ी। अंग्रेजों के जुल्म, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध उलगुलान करने वाले धरती आबा के आदर्श आने वाली पीढ़ियों को हमेशा देशभक्ति और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की राह दिखाते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा,। बिरसा मुंडा के दिखाए राह पर चल रही हमारी सरकार झारखंड के आदिवासियों, मूलवासियों एवं आमलोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयासरत है।
भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित
■ कोकर समाधि स्थल, बिरसा चौक और स्मृति उद्यान पहुंचे सीएम-गवर्नर
नई सरकार आरक्षण का विस्तार करेगी : राज्यपाल
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और लोगों को अपना फैसला देने का पूरा अधिकार है। लोगों ने विकास के लिए जनादेश दिया है। मुझे यकीन है कि 2025 तक, यह नई सरकार एसटी, एससी और ओबीसी के लिए आरक्षण का विस्तार करेगी। वंचित वर्ग अपने विकास का द्वार खोलने के लिए अपना आरक्षण प्राप्त करेगा। राज्यपाल ने धरती आबा को नमन करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि महान क्रांतिकारी, धरती आबा, जनजातीय गौरव, भगवान बिरसा मुंडा का त्यागमय जीवन राष्ट्र सेवा का एक अनूठा उदाहरण है।