सिविल अस्पताल हजीरा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को विशेष प्राथमिकता दें – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर की मौजूदगी में भोपाल में बैठक लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
भोपाल/ग्वालियर 29 जनवरी 2025/ उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सिविल अस्पताल हजीरा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और उन्नयन कार्यों को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सिविल अस्पताल हजीरा में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बुधवार को मंत्रालय भवन बल्लभ भवन भोपाल में ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की मौजूदगी में ली गई विभागीय अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने सिविल अस्पताल हजीरा के उन्नयन से संबंधित विभिन्न कार्यों व सेवाओं को मंजूरी दिलाने का अनुरोध बैठक में किया। उन्होंने सिविल अस्पताल हजीरा में खासतौर पर ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू व कैथ लैब की स्थापना के लिये अतिरिक्त चिकित्सकीय स्टॉफ उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। श्री तोमर ने कहा कि सिविल अस्पताल हजीरा में हर दिन बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जरूरतमंद मरीज आते हैं। इसलिए यहाँ पर इन सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ऊर्जा मंत्री श्री तोमर को भरोसा दिलाया कि इन सुविधाओं की पूर्ति में विभाग से हर संभव मदद दिलाई जायेगी।
बैठक में आयुक्त स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री तरुण राठी, एमडी एमपीपीएचएससीएल श्री मयंक अग्रवाल, संचालक प्रोजेक्ट एवं सीईओ आयुष्मान भारत डॉ. योगेश भरसट और अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक/231/25