✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में बड़े हर्षोल्लाह के साथ मनाई जा रही ईद के त्यौहार पर मुस्लिम समाज के लोग दे रहे हैं सभी को बधाई,
कटनी : शहर में अपार उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की गई। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नमाज अदा करते हुए मुल्क की बरक्कत, अमन चैन और कौम की खुशहाली की दुआएं की। रविवार को पाक रमजान माह का तीसवां रोजा होने और आसमान में चांद का दीदार होने के बाद आज ईद मनाये जाने का ऐलान किया गया था। पर्व को लेकर कल शाम से ही मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में चहल-पहल नजर आने लगी थी। मिशन चौक स्थित नगीना मस्जिद में आकर्षक विद्युत साज-सज्जा करते हुए दुल्हन की तरह सजाया गया था। कल देर रात तक मुस्लिम धर्मावलंबियों ने खरीददारी की। मिशन चौक और आसपास के क्षेत्रों में सेवईंया की खरीदी देर रात तक होती रही। गर्मी के चलते शहर की सभी मस्जिदों में नमाज के समय में परिवर्तन किया गया था। आदर्श कॉलोनी स्थित बड़ी ईदगाह और नगीना मस्जिद में सुबह पहले ईद की नमाज अदा की गई। नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम भाईयों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। और सुबह से ही मुस्लिम धर्मावलंबी नमाज अदा करने के लिए पहुंचने लगे थे। बड़ी ईदगाह में हाफिज एनुलहक इमाम साहब ने ईद की नमाज अदा कराई। पुलिस और प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थी। इस मौके पर एसडीएम प्रदीप मिश्रा, सीएसपी ख्याति मिश्रा, कोतवाली टीआई आशीष शर्मा, कुठला टीआई राजेन्द्र मिश्रा, रक्षित निरीक्षक संध्या ठाकुर की उपस्थिति रही।।