नगर निगम स्थित ICCC बना कांवड़ सेवा कंट्रोल रूम, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश
सहारनपुर । श्रावण मास के मद्देनजर जनपद सहारनपुर में काँवड़ यात्रा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। आज नगर निगम में स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) को कांवड़ सेवा कंट्रोल रूम के रूप में चिन्हित किया गया।
इस दौरान एडीएम (ई) श्री संतोष भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक यातायात श्री सिद्धार्थ वर्मा द्वारा कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
प्रशासन की ओर से यह भी अवगत कराया गया कि इस संबंध में एक विस्तृत गोष्ठी का आयोजन दिनांक 9 जुलाई 2025 को अपराह्न 3:00 बजे जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा, जिसमें यात्रा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों की सहभागिता रहेगी।