सहसवान कोतवाली का दरोगा 12 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
बदायूं न्यूज दरोगा कमलेश सिंह यादव। सहसवान कोतवाली का दरोगा 12 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
उझानी/सहसवान(बदायूं)। बदायूं में एंटी करप्शन की टीम ने सहसवान कोतवाली में तैनात इटावा निवासी दरोगा को पीड़ित से 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। दरोगा के खिलाफ उझानी कोतवाली में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। सहसवान कोतवाली के इलाहाबादपुर धोबई के रहने वाले दिनेश का गांव के ही रामकुमार, वेद प्रकाश और हरी बाबू से खेत की जोताई के उधारी के रुपये को लेकर झगड़ा हो गया था। इस मामले की दिनेश कुमार ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सहसवान
कोतवाली में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचक दरोगा कमलेश सिंह ने फर्जी नामजदगी बताते हुए आरोपियों को जेल भेजने के बदले
पीड़ित दिनेश से 20 हजार की रिश्वत मांगी थी।
बाद में दरोगा 12 हजार रिश्वत लेने पर राजी हो गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत बरेली में एंटी करप्शन टीम से की। एंटी करप्शन टीम के निर्देशानुसार दिनेश ने दरोगा को सहसवान में जैसे ही रिश्वत दी, तभी एंटी करप्शन की टीम ने दरोगा को रिश्वत के 12 हजार रुपये सहित दबोच लिया। इसके बाद एंटी करप्शन की टीम गिरफ्तार दरोगा को लेकर उझानी कोतवाली पहुंची। यहां दरोगा के हाथ धुलवाए गए तो पानी में लगे केमिकल के चलते हाथों का रंग लाल हो गया। रिश्वत प्रमाणित होने पर दरोगा का उझानी सीएचसी में मेडिकल कराया गया। एंटी करप्शन की टीम ने दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया और उसे गिरफ्तार कर टीम बरेली चली गई। बरेली की कोर्ट में उसे मंगलवार को पेश किया जाएगा।
इंडियन टीवी न्यूज
बदायूं जिला रिपोर्टर
दीपेंद्र राजपूत