थाना बिहारीगढ़ पुलिस व गोकशो के बीच मुठभेड़
दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार,एक बदमाश फरार
सहारनपुर । थाना बिहारीगढ़ पुलिस और गोकशों के बीच ग्राम गणेशपुर के जंगलों में हुई मुठभेड, दो गोकश घायल अवस्था में गिरफ्तार पुलिस ने मौके से हथियार और गोकशी के उपकरण बरामद किए । साथ ही एक जिंदा गोवंश को भी बचाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और गोकशी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जिलेभर में लगातार सघन चेकिंग और गश्त की जा रही है। इसी अभियान के तहत बीती रात थाना बिहारीगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गणेशपुर के जंगलों में कुछ लोग गोकशी की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर चौकी इंचार्ज मोहण्ड और थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे। जैसे ही पुलिस टीम जंगल के अंदर पहुँची, उन्हें किसी जानवर के रंभाने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में बढ़ते हुए पुलिस ने देखा कि तीन व्यक्ति एक गोवंश को पेड़ से बांधकर गोकशी करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस को देखते ही गोकशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें दो गोकश के पैरों में गोली लग गई और दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गया। जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार कॉम्बिंग कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद पुत्र सत्तार निवासी ग्राम बंदरजूड थाना बुग्गावाला जिला हरिद्वार और इसरान पुत्र वाजिद निवासी ग्राम गोकलवाला थाना बुग्गावाला जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके से पुलिस ने 2 तमंचे .315 बोर, 2 खोखा, 3 जिंदा कारतूस, गोकशी करने के उपकरण, जिनमें एक कुल्हाड़ी, दो छुरे व नायलॉन की रस्सी शामिल है, बरामद किए हैं। साथ ही एक जिंदा गोवंश को भी सुरक्षित बचाया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जाँच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़