उरई(जालौन):
अतिवृष्टि से रबी की फसल तबाह:
मुआवजा दिलाने की मांग:
सदर विधायक ने प्रमुख सचिव को सौपा पत्र। बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। खेतों में खड़ी मटर, मसूर, चना व धान की फसलें जलभराव के कारण नष्ट हो गई हैं। किसानों पर आजीविका संकट गहराने के चलते सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने लखनऊ प्रवास क़े दौरान सरकार से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। सदर विधायक ने प्रमुख सचिव कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ को पत्र देकर अवगत कराया कि उरई विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश किसान रबी फसल की बुवाई में जुटे थे, वहीं कई स्थानों पर धान की कटाई चल रही थी। अचानक हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और स्थिति गंभीर हो गई है। पत्र में कहा गया कि जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए नुकसान का तत्काल सर्वे कराते हुए किसानों को राहत राशि प्रदान की जाए, जिससे उनकी जीवन-यापन की मुश्किलें कम हो सकें। उन्होंने शासन स्तर से शीघ्र संज्ञान लेकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी हाल में उन्हें संकट में नहीं छोड़ा जाएगा।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश