दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के धोरपा गांव में शुक्रवार की अपराह्न एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धोरपा गांव निवासी लालमुनि यादव (45)पुत्र स्व. तपसी यादव शुक्रवार की अपराह्न अपने खेत में धान की फसल की देखरेख के लिए गए थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर नीचे गिरा था। किसान अनजाने में उस तार के संपर्क में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलीप कुमार गुप्ता ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अमवार फीडर से जुड़े इस क्षेत्र में विद्युत तार लंबे समय से जर्जर हालत में हैं, जिसकी जानकारी विभाग को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन आज तक न तो तार बदले गए हैं और न ही मरम्मत की गई है।
उन्होंने कहा कि अगर विभाग समय से कार्रवाई करता तो यह हादसा नहीं होता। इस घटना से किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं, जिनके भरण–पोषण को लेकर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों ने हादसे से आक्रोशित होकर विद्युत विभाग से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और क्षेत्र के सभी जर्जर तारों को तत्काल बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
हादसे के बाद मृतक के परिवार का रो–रो कर बुरा हाल है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह