प्रदेश विधानसभा की याचिका समिति की बैठक में सहारनपुर के कैंसर संकट पर गंभीर चर्चा
आज उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन में याचिका समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसमें राजस्व विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग तथा पशुपालन विभाग से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस बैठक में मैंने सहारनपुर जनपद में तेजी से फैल रहे कैंसर, किडनी और लीवर की बीमारियों के विषय पर दायर अपनी याचिका पर मजबूती से पक्ष रखा।
मैंने समिति को अवगत कराया कि हिंडन नदी और काली नदी के आसपास के क्षेत्र इन बीमारियों की चपेट में हैं। दूषित जल, प्रदूषण और कई फैक्ट्रियों द्वारा टायर व तार जलाने जैसी गतिविधियों के कारण पर्यावरण गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है, जिससे कैंसर जैसी घातक बीमारियाँ रहस्यमय तरीके से फैल रही हैं।
सुनवाई के दौरान मैंने यह भी मुद्दा उठाया कि सहारनपुर के जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज — दोनों जगहों पर एमआरआई मशीन उपलब्ध नहीं है।
कई बार टेंडर जारी हुए, परंतु बार-बार निरस्त हो जाने के कारण अब तक मशीन नहीं लग पाई है। इससे गरीब और गंभीर मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस पर समिति के सभापति जी और संबंधित अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का सकारात्मक आश्वासन दिया।
समिति ने प्रमुख सचिव को तत्काल विशेष जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए।
सहारनपुर में कैंसर विशेषज्ञों की स्थायी मेडिकल टीम तैनात करने, मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में नियमित कैंप लगाने तथा पर्यावरण विभाग द्वारा पानी के सैंपल की जांच कराने के भी निर्देश दिए गए।
साथ ही यह भी कहा गया कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी बैठक में विधायकों की समिति गठित कर प्रत्यक्ष निरीक्षण कराया जाएगा।
यह समस्या केवल मेरी विधानसभा की नहीं, बल्कि पूरा सहारनपुर और आसपास का क्षेत्र इसकी चपेट में है।
पिछले कुछ हफ्तों में ही कैंसर की इस गंभीर बीमारी ने कई जिम्मेदार और समाजसेवी लोगों की जान ले ली है
हरोड़ा के
मुकर्रम पूर्व प्रधान
राव नदीम मक्काबास
मोहम्मद इरफान पुत्र निसार (घाना खंडी)
सलेमपुर भूकड़ी में भी कई लोगों की मौतें इस बीमारी से हो चुकी हैं,
और दुखद यह कि उसी क्षेत्र में एक 4 वर्षीय मासूम बच्चे की भी कैंसर से मृत्यु हो चुकी है।
यह सिलसिला लगातार जारी है और स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।
मैं इस विषय पर निरंतर निगरानी रखूंगा और सुनिश्चित करूंगा कि सहारनपुर के लोगों को इस बीमारी से बचाने के लिए ठोस, वैज्ञानिक और प्रभावी कार्रवाई हो।
आशु मलिकविधायक, सहारनपुर देहात
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़