ब्यूरो चीप- राकेश मित्र,जिला- कांकेर(छ.ग.)
पखांजूर क्षेत्र में हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। स्टेट हाईवे-25 पर पीवी-31 के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को हायर सेंटर के लिए रवाना किया गया लेकिन रास्ते में राज सरकार और संजीत दुग्गा की मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक सूरज सरकार जिसे बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाया जा रहा था उसने धमतरी के पास अंतिम सांस ली।
हादसे में जान गंवाने वाले राज सरकार उम्र (24) और सूरज सरकार उम्र (27) सगे भाई थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। दोनों भाइयों के एक साथ चले जाने से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तीसरे मृतक संजीत दुग्गा (23) की असमय मौत से हरनगढ़ गांव में भी शोक का माहौल है। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है ।